Ola Electric पर SEBI की नजर: ट्विटर पर ऐलान करना पड़ा महंगा

Bhavish Agrawal OLA CEO
Ola Electric: इलेक्ट्रिक गाड़ियों की दुनिया में तेजी से उभरती कंपनी ओला इलेक्ट्रिक को SEBI की तरफ से एक चेतावनी मिली है। वजह? ट्विटर पर सीएमडी भाविश अग्रवाल ने कुछ ऐसा ऐलान कर दिया जो पहले स्टॉक एक्सचेंज को बताया जाना चाहिए था।
क्या हुआ ऐसा?
SEBI ने 7 जनवरी, 2025 को एक मेल के जरिए ओला को चेतावनी भेजी। हुआ ये कि भाविश अग्रवाल ने 2 दिसंबर, 2024 की सुबह 9:58 बजे ट्विटर पर कंपनी की स्टोर नेटवर्क को चार गुना बढ़ाने की योजना का ऐलान कर दिया। लेकिन स्टॉक एक्सचेंज को ये खबर बाद में दोपहर 1:36 बजे (BSE) और 1:41 बजे (NSE) मिली।
SEBI का कहना है कि ऐसा करना नियमों के खिलाफ है। नियम कहते हैं कि ऐसी कोई भी जानकारी पहले स्टॉक एक्सचेंज को देनी चाहिए ताकि सभी निवेशकों को एक साथ और सही समय पर खबर मिले।
SEBI की सख्त चेतावनी
SEBI ने इस उल्लंघन को गंभीरता से लिया और ओला को भविष्य में सावधान रहने की सलाह दी। SEBI ने कहा कि अगर फिर ऐसा हुआ तो सख्त कार्रवाई होगी। ओला को ये भी कहा गया कि वो अपने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सामने इस मुद्दे को रखे और जो सुधार किए जा रहे हैं उनकी जानकारी स्टॉक एक्सचेंज पर भी दे।
तो कुल मिलाकर, ओला को अब अपनी सोशल मीडिया रणनीति में थोड़ा बदलाव करना पड़ेगा ताकि ऐसी गलती दोबारा न हो।